शरद ने बच्चों के लिए क्या कर दिया है?
शरद ने अपने चमकदार संकेतों और मधुर ध्वनियों से आकाश को इतना कोमल बना दिया है कि बच्चों की पतंग इस असीम आकाश में ऊपर उठ सके। वह उनके लिए उपयुक्त वातावरण निर्मित कर देता है।
भादों मास में क्या होता है तथा उसके जाते ही मौसम में क्या परिवर्तन आ गया?
भादों मास में वर्षा की तेज बौछारें पड़ती हैं। भादों मास के जाते ही अर्थात् समाप्त होते ही अंधकार समाप्त हो जाता है और खरगोश की आँखों के समान लालिमा युक्त चमकदार सवेरा हो जाता है। प्रात:कालीन सूर्य लालिमा लिए हुए होता है। सर्वत्र एक नया उजाला फैल जाता है।
बच्चों की दुनिया के बारे में क्या बताया गया है?
इस कविता में बच्चों की दुनिया के बारे में यह बताया गया है कि वे पतले कागज और बाँस की कमानी वाली पतंग को आसमान में उड़ा सकें। पतंग को आसमान में उड़ता हुआ देखकर बच्चे सीटियाँ बजाने और किलकारी मारने लगते हैं। बच्चों का संसार तितलियों के समान मोहक होता है।
शरद का मानवीकरण किस रूप में किया गया है?
कवि शरद का मानवीकरण करते हुए कहता है कि ऐसा लगता है कि शरद अपनी नई चमकदार साइकिल को तेज गति से चलाते हुए जोर-जोर से उसकी घंटी को बजाकर पतंग उड़ा रहे बच्चों को सुंदर संकेतों के माध्यम से बुला रहा है।
आपके जीवन में शरद ऋतु क्या मायने रखती हैं?
हमारे जीवन में शरद ऋतु बहुत मायने रखती हैं। यह ऋतु हमें गरमी-वर्षा मुक्ति दिलाती है। इस ऋतु के आगमन के साथ ही हमारे जीवन में उत्साह का संचार हो जाता है। प्राकृतिक वातावरण सुहावना हो जाता है। शरद ऋतु स्वास्थ्यवर्धक मानी जाती है। शरदऋतु का प्रारंभ दशहरा-दीपावली जैसे उल्लासपूर्ण त्योहारों से होता है। इनसे हमारे जीवन में खुशियों का आगमन होता है।