दिये गये काव्यांशों की सप्रसंग व्याख्या करें
रुद्ध कोष, है क्षुब्ध तोष

अंगना-अग से लिपटे भी

आतंक-अंक पर काँप रहे हैं

धनी, वज्र गर्जन से, बादल।

त्रस्त नयन-मुख ढाँप रहे हैं।


प्रसंग: प्रस्तुत पंक्तियाँ सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ द्वारा रचित कविता ‘बादल राग’ से अवतरित हैं। इसमें कवि ने पूँजीपति वर्ग की विलासप्रियता पर भी क्राति के भय की छाया को रेखांकित किया है।

व्याख्या: कवि बताता है कि पूँजीपतियों ने आर्थिक साधनों पर अपना एकाधिकार स्थापित कर रखा है। उनके खजानों में अथाह धन जमा है, फिर भी अधिक धन जमा करने की उनकी लालसा कम नहीं हुई है। उन्हें अभी भी संतोष नहीं हुआ है। क्रांति की भीषण गर्जना सुनकर ये शोषक (पूँजीपति) इतने भयभीत हो जाते हैं कि अपनी सुदर स्त्रियों (रमणियों) के आलिंगन पाश में बँधे होने पर भी काँपते रहते हैं। उनकी सुख-शांति भंग हो जाती है। ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने अपनी आँखें मूँद ली हैं और मुख ढक लिया है। उन पर क्राति का आतंक बुरी तरह छा गया है।

विशेष: 1. कवि ने पूँजीपतियों के विलासी जीवन पर कटाक्ष किया है।

2. ‘अगना अंग’ तथा ‘आतंक अंक’ में अनुप्रास अलंकार है।

3. कविता का मूल स्वर प्रगतिवादी है।

4. तत्सम शब्दो का प्रयोग हुआ है।

1080 Views

Advertisement

दिये गये काव्यांशों की सप्रसंग व्याख्या करें
जीर्ण बाहु, है शीर्ण शरीर

तुझे बुलाता कृषक अधीर

ऐ विप्लव के वीर!

चूस लिया है उसका सार

हाड़ मात्र ही हैं आधार,

ऐ जीवन के पारावार!


प्रसगं: प्रस्तुत पक्तियाँ प्रसिद्ध प्रगतिवादी कवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’ द्वारा रचित कविता ‘बादल राग ‘ से अवतरित हैं। इसमें शोषित वर्ग द्वारा क्रांति के आह्वान का चित्रण किया गया है।

व्याख्या: कवि बताता है कि अशक्त भुजाओं और कमजोर शरीर वाला किसान अधीर होकर क्रांति का आह्वान करता है। उसके कष्टों का हरण करने वाला क्रांति का बादल ही है। हे जीवन के पारावार (बादल)! इन पूँजीपतियों ने किसान के जीवन का सारा रस ही चूस लिया है और उसे प्राणहीन बना दिया हैं। भूख से बेहाल किसान अब नर-कंकाल बनकर रह गया है। वह हड़ियों का ढाँचा मात्र दिखाई देता है। तुम्हीं अपने जल-वर्षण से उसे नया जीवन दे सकते हो। वह तुम्हें पुकार रहा है।

भाव यह है कि क्रांति के आगमन से पूँजीपति तो दहल जाते हैं, पर जीर्ण-शीर्ण किसान अधीर होकर उसे बुलाते हैं। क्रांति से साधारण लोग ही लाभान्वित होते हैं।

विशेष: 1. ‘शीर्ण शरीर’ में अनुप्रास अलंकार है।

2. वर्ग-वैषम्य का प्रभावी चित्रण किया गया है।

2. बादल के माध्यम से क्रांति का आह्वान किया गया है।

952 Views

Advertisement

निम्नलिखित काव्यांशों को पढ़कर पूछे गए प्रश्नो के उत्तर दीजिए:
“हँसते हैं छोटे पौधे लघु भार-
शस्य अपार,
हिल-हिल
खिल-खिल
हाथ हिलाते,
तुझे बुलाते
विप्लव रव से छोटे ही हैं शोभा पाते।”
1. इन पंक्तियों में कवि ने क्या बताना चाहा है?
2. इस काव्याशं का शिल्पगत सौदंर्य स्पष्ट करो।
3. ‘छोटे पौधे’ की प्रतीकात्मकता स्पष्ट करो।


1. ‘बादल राग’ कविता की इन पक्तियों में कवि ने यह बताना चाहा है कि जिस प्रकार वर्षा होने पर छोटे-छोटे पौधे हँसते-खिलते हैं, उसी प्रकार क्रांति के आने पर शोषित वर्ग भी यह सोचकर प्रसन्न होने लगता है कि उसके शोषण का अंत हो जाएगा। इसी दृष्टि से इन पंक्तियों में प्रतीकात्मकता का समावेश है।
2. प्रकृति का मानवीकरण किया गया है। ‘हाथ हिलाना’, ‘बुलाना’ मानवीय क्रियाएँ हैं। इनमें गतिमय बिंब है। ‘हिल-हिल’, ‘खिल-खिल’ में पुनरुक्ति प्रकाश अलंकार है। ‘हाथ हिलाते’ में अनुप्रास अलंकार है।
3. ‘छोटे पौधे’ शोषित वर्ग के प्रतीक हैं। उनका मानवीकरण किया गया है। ‘विप्लव-रव’ अर्थात् क्रांति का स्वर छोटे लोगों को ही शोभा प्रदान करता है-ऐसी कवि की मान्यता है।

268 Views

निम्नलिखित काव्यांशों को पढ़कर पूछे गए प्रश्नो के उत्तर दीजिए:
रुद्ध कोष है, क्षुब्ध तोष
अंगना-अंग से लिपटे भी
आतंक अंक पर काँप रहे हैं
धनी, वज्र-गर्जन से बादल!
त्रस्त नयन-मुख ढाँप रहे हैं।
जीर्ण बाहु, है शीर्ण शरीर,
तुझे बुलाता कृषक अधीर,
ऐ विप्लव के वीर!
चूस लिया है उसका सार,
हाड़-मात्र ही है आधार,
ऐ जीवन के पारावार!
1. क्रांति की संभावना पर शोषक-वर्ग पर क्या प्रभाव पड़ रहा है? काव्याशं के आधार पर लिखिए।
2. थका-हारा किसान बादल का आह्वान क्यों कर रहा है?
3. बादल के लिए ‘विप्लव के वीर’ और ‘जीवन के पारावार’ संबोधनों का प्रयोग क्यों किया गया है?



1. क्रांति की सभावना से शोषक वर्ग पर यह प्रभाव पड़ रहा है कि क्रांति के भावी परिणाम से त्रस्त होकर यह वर्ग काँप रहा है। इसने डर के मारे अपना मुँह ढाँप लिया है।
2. थका-हारा किसान बादल का आह्वान इसलिए कर रहा है ताकि क्रांति के परिणामस्वरूप उसके साथ होने वाले शोषण की समाप्ति हो सके। वह बादल को क्रांति-दूत के रूप में देख रहा है।
3. बादल ‘विप्लव का वीर’ अर्थात् क्रांति लाने में तेज है। वह ‘जीवन का पारावार’ इसलिए है क्योंकि वही शोषितों की जीवन-नैया को पार लगाएगा।

341 Views

निम्नलिखित काव्यांशों को पढ़कर पूछे गए प्रश्नो के उत्तर दीजिए:
घन, भेरी-गर्जन मे सजग, सुप्त अकुंर
उर में पृथ्वी के, आशाओं से
नवजीवन की, ऊँचा कर सिर,
ताक रहे हैं ई विप्लव के बादल?
1.  कवि बादलों को क्या मानता है?
2.  इस काव्याशं में प्रयुक्त अलंकार सौंदर्य स्पष्ट कीजिए।
3.  इसका भाषागत सौदंर्य बताइए।


1. कवि बादलों को क्रांति का प्रतीक और शोषित वर्ग की आशा का केंद्र मानता है। बादलों की रणभेरी सुनते ही पृथ्वी के गर्भ में छिपे बीज अंकुरित होकर नवजीवन की आशा में बादल की ओर निहारते हैं। शोषित वर्ग भी क्रांति की प्रतीक्षा कर रहा है।

2. बादल की गर्जना में ‘रणभेरी’ के आरोपण में रूपक अलंकार है।
   से सजग सुप्त’ में अनुप्रास अलंकार है।
   बादल का मानवीकरण किया गया है।

3. सिर ऊँचा करना’ मुहावरे का सटीक प्रयोग है।
   मुक्त छंद होते हुए भी लयात्मकता है।
   ऐ’ में संबोधन शैली का प्रयोग है।

 

473 Views

Advertisement